Showing posts with label जेएनयू. Show all posts
Showing posts with label जेएनयू. Show all posts

Sunday, February 21, 2016

आखिर सोशल मीडिया ही असली मीडिया क्यों बन गया आदरणीय पत्रकार साहब

आजकल कुछ लोग डर हुआ महसूस कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि देश में डर का माहौल बनाया जा रहा है। एक चैनल ने इसे बयावह स्थिति बताते हुए अपना प्राइम शो ही अंधेरे में कर दिया और कहा कि मैं कुछ सुनाना चाहता हूं। आज ये अपनी आवाज सुनाना चाहते हैं क्योंकि लोग अब इनकी नहीं सुन रहे हैं। क्यों ये चंद लोग डरा हुआ महसूस कर रहे हैं। बहस तो देशद्रोह, देशप्रेम या इन लोगों के शब्दों में कहें तो राष्ट्रवाद। शब्दों के बवंडर से कुछ लोग अभी तक समाज को अपने हिसाब से चला रहे थे। अपने कुछ आकाओं को सही साबित करने के लिए वर्षों से कोशिश जारी रही। यहां फर्क जरूर करना चाहिए कि कुछ लोग ही ऐसा कर रहे थे जैसे कि कुछ लोग ही आज कथित रूप से डरे हुए हैं। इन लोगों को आज इनके शब्दों में राष्ट्रवादी लोगों से डर लग रहा है।

अजीब सी बात है कि राष्ट्रवादी जैसे क्लिष्ट शब्द का प्रयोग हो रहा है। लोग देशप्रेम कहने से क्यों हिचकिचा रहे हैं। क्यों देशप्रेमियों से इन लोगों को डर लगा है। क्यों देशप्रेम या राष्ट्रवाद इनके बपौती है। क्या ये चंद लोग ही बताते रहेंगे कि राष्ट्रवाद क्या है। कुछ दिन पहले तक लोकतंत्र को बचाने के नाम की दुहाई देकर बड़े ऊंचे स्वरों ऐसे राष्ट्रवादी लोगों के मुंह से सुनाई दे रहा था कि मेरे देश का झंडा लेकर ये लोग मारपीट कैसे कर सकते हैं... मेरे देश का तिरंगा लेकर ये लोग कैसे किसी पर हमला कर सकते हैं। पता नहीं क्या क्या... मेरे देश... मेरा देश... मेरा लोकतंत्र... मेरा... मेरा और मेरा... ये मेरा इनका बहुत छोटा क्यों है। इनके मेरे का दायरा इतना छोटा क्यों है।

 ये चंद लोग सिर्फ चंद लोगों की बात करते रहे... हमेशा से चंद लोगों की आवाज ही उठाते रहे और दिखावा करते रहे कि आम लोगों की आवाज उठाते हैं। हां कुछ लोगों ने लोगों को बेवकूफ भी बनाया है। साल में इक्का दु्क्का बार ही लोगों की आवाज बने और कुछ कर दिखाने का दावा किया। कहने के लिए ही ये अपने काम को ईमानदारी से दिखाते रहे। कभी इन लोगों ने सभी की बात नहीं की... आखिर ये जनता को, आम आदमी को बेवकूफ क्यों समझते हैं। क्यों हर चीज को अपने सहूलियत के हिसाब से प्रयोग में लाते हैं। क्यों नहीं जो है वही दिखाते हैं। क्यों भूल जाते हैं कि विचार करने की क्षमता केवल इनके पास नहीं है। आम आदमी भी अब कुछ सोचने लगा है। आम आदमी भी अब पढ़ लिख रहा है। देश को आजाद हुए 65 साल से ज्यादा हो चुके हैं और शिक्षा का स्तर 24 से 75 प्रतिशत तक पार कर चुका है। अब ये देश वैसा नहीं रहा कि देशभक्ति भी सिखाई जाए। लोग हर मायने में अपना भला बुरा समझने लगे हैं। उन्हें मालूम हो चुका है कि सही क्या है और सही दिखाया क्या जाता है। वे धीमे-धीमे सच्चाई जानने, समझने और सच्चे लोगों को पहचानने लगे हैं।


कुछ दिन पहले तक मीडिया जगत ये चंद लोग देश दुनिया को बताने में लगे थे कि सोशल मीडिया की ताकत क्या है। आज हर आदमी रिपोर्टर है... हर आदमी जागरूक है, उसे पता है कि क्या करना है, सोशल मीडिया की रिपोर्टों पर आधारित कार्यक्रम बनाते रहे और खूब वाहवाही से लेकर टीआरपी भी बटोरी। खुद इसी माध्यम से पत्रकार का तमगा लगा लिया। खुद के विचार थोपने का माध्यम मिला तो खूब छापा और खूब तर्क पेश किए।  अपना समय चला गया और नए लोगों ने भी माध्यम को अपना लिया। लोग अब दूसरे की राय को सुनने कम अपनी राय भी देने लगे... तो डर लगने लगा है। लोग क्यों और कब तक दूसरों को बर्दाश्त करें। आखिर क्यों...
आखिर क्यों लोग अपने विचार व्यक्त न करें। क्यों इस अभिव्यक्ति की आजादी का हक चंद लोगों का ही बना रहे। ये चंद लोग हमेशा से अभिव्यक्ति की आजादी का झंडा बुलंद करते रहे हैं और इसी की आड़ में जब मौका मिला किसी भी सरकार और खास तौर पर अपने आकाओं की विरोधी सरकार पर हमलावर रहे हैं। लेकिन आज जब इस आजादी का लोग प्रयोग करने में लगे हैं तो ये उन्हें अराजक और राष्ट्रभक्त को गाली बनाने में लग गए हैं।

अब सोशल मीडिया लोगों के हाथ में हथियार है अपनी भड़ास निकालने के लिए... कुछ दिन पहले तक इसी कथित बुद्धिजीवी लोग जागरुकता और पता नहीं क्या क्या कह रहे थे लेकिन अब जब इनकी दुकान चलना बंद हो रही है और लोगों का इनपर से विश्वसा उठता जा रहा है... जब से इनकी समझ और समझाने की कला पर से लोगों का विश्वास खत्म हो चुका है तब से ये चंद लोग अब अपने विरोधियों की अभिव्यक्ति की आजादी पर लगाम लगाना चाहते हैं। अब इन्हें अपनी असहिष्णुता और असहनशीलता नहीं दिखती। अब ये अपने विरोधी स्वरों को सुनना नहीं चाहते हैं। इन लोगों को समझना होगा कि इनकी मीडिया की जगह सोशल मीडिया ने ले ली है। लोगों को इसके साथ ही यहां पर गलत सामग्री जरूर मिलती है लेकिन विचार भी मिलता है... उन्हें इस बात की आजादी होनी चाहिए कि सच क्या है वह खुद करें... न कि उसे स्वीकारें जो उन्हें दिखाने, समझाने की कोशिश होती है। इसलिए मीडिया पर सोशल मीडिया भारी पड़ गया।

Thursday, February 18, 2016

क्या भारत से डर गया है हाफिज सईद, करने लगा है शांति की बात, हिन्दी में ट्वीट?


संयुक्त राष्ट्र से लेकर अमेरिका तथा भारत जिस जमात उद दावा के प्रमुख हाफिज सईद को आतंकवादी मानता है और प्रतिबंध की बात करता है वह हाफिज सईद खुद को शांति का सबसे बड़ा दूत बता रहा है। क्या भारत के प्रयासों से अब हाफिज सईद डर गया है। भारत की एक मैगजीन को दिए इंटरव्यू के हाफिज सईद ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है जिसमें ऐसा दावा किया है।

भारत के अभिन्न अंग कश्मीर पर हाफिज सईद हमेशा से विरोधी स्वरों में दिखा है और कश्मीर को भारत से अलग करने के हर हथकंडे अपनाता रहा है। जेएनयू विवाद पर सबसे पहले उसने ट्वीट कर यही कहा कि हिन्दूस्तान अपने जुल्म बंद करे और कश्मीर से बाहर हो जाए। वो कहता है कि हकीकत को छिपाया नहीं जा सकता। नजरिया पाकिस्तान कश्मीर समेत पूरे भारत में सुनाई दे रहा है।

भारत सरकार की ओर से अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को नकारते हुए हाफिज सईद ने कहा कि कश्मीरी नौजवान किसी के कहने पर नहीं अपने अधिकार 'आजादी' के लिए और उन पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। भारतीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि हाफिज सईद ने ट्वीट कर जेएनयू में हुए विवाद का समर्थन किया है।

भारतीय गुप्तचर एजेंसियों का दावा है कि देश में कई यूनिवर्सिटी में एक सर्वे कर हाफिज सईद सहित कुछ आतंकी संगठनों ने यह पता लगाया है कि कहां कहां ऐसी आग फैलाई जा सकती है। सुरक्षा एजेंसियां कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन को इसका उदाहरण मान रही हैं।

भारत में तमाम जगहों पर हुई आतंकी गतिविधियों के लिए भारतीय जांच एजेंसियों ने हमेशा से हाफिज सईद को दोषी ठहराया है और उसे प्रमुख आतंकी बताती हैं। यहां तक कि 26/11 के मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड तक हाफिज सईद को बताया गया है। भारत द्वारा दिए गए तमाम सबूतों के आधार पर अंतरराष्ट्रीय संगठन संयुक्त राष्ट्र ने भी उसे आतंकियों की श्रेणी में रखा है। अमेरिका भी पाकिस्तान पर हाफिज पर कार्रवाई के लिए दबाव बना चुका है।

लेकिन हाफिज ने हमेशा इन आरोपों का खंडन किया है। वह कहता रहा है कि पाकिस्तानी कोर्ट में उसके खिलाफ कभी भी कोई केस साबित नहीं हुआ है और वह निर्दोष है। हाफिज ने कभी भी भारतीय न्यायपालिका पर भरोसा नहीं किया। वह तर्क देता है कि खुद को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहने वाला देश भारत जब दूसरे देश की सर्वोच्च न्यायपालिका के निर्णय पर यकीन नहीं करता तो उसकी बात पर यकीन क्यों किया जाए।

हाफिज सईद यह भूल गया कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां की न्यायालिका भी उतनी स्वतंत्र है कि सरकार को हाजिर होने का आदेश दे देती। सरकार के फैसले को अवैध करार दे देती है। क्या पाकिस्तान में यह संभव है। अभी तक तो कोई उदाहरण नहीं दिखा ऐसा।

भारत में बोलने की आजादी इतनी है कि यहां के नागरिक कई बार सीमाओं को लांघ कर बात कर जाते हैं। यह भी लोकतंत्र की वजह से है। कोई हाफिज सईद से ये क्यों पूछता कि क्या यह पाकिस्तान में संभव है?